Bilaspur Violence: सोशल मीडिया कमेंट पर भड़का विवाद, आधी रात दो पक्षों में पथराव; TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए एक विवादित कमेंट को लेकर आधी रात दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। मामला देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। हालात को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस भी पथराव की चपेट में आ गई, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके की बताई जा रही है।
मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान मारपीट और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
कुछ ही देर में स्थिति हिंसक हो गई और इलाके में जमकर पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
पुलिस पर भी हुआ पथराव
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि पथराव के दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।
वहीं, हिंसा के दौरान तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी सूचना है। हालांकि घायलों की स्थिति और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
आंसू गैस के गोले छोड़े, भीड़ को खदेड़ा
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और उपद्रव कर रहे लोगों को इलाके से खदेड़ा।
घटना के बाद देर रात तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। कोतवाली थाने के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और नारेबाजी की गई।
कलेक्टर और SSP ने संभाला मोर्चा
हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
विधायक सुशांत शुक्ला और स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने दोनों पक्षों के लोगों से चर्चा कर युवकों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
admin




