चरित्र शंका में पत्नी का सिर मुंडवा कर पेशाब पिलाने वाला आरोपी पति गिरफ्तार 

चरित्र शंका में पत्नी का सिर मुंडवा कर पेशाब पिलाने वाला आरोपी पति गिरफ्तार 
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पत्नी के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला पटना थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी पति पर पत्नी के साथ मारपीट करने, उसका सिर मुंडवाने और अपमानजनक हरकत करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सूरजपुर जिले के रुनियाडीह गांव निवासी जितेंद्र और तारा बाई ने वर्ष 2006 में प्रेम विवाह किया था। दंपति के चार बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद के चलते तारा बाई पिछले करीब एक वर्ष से पति से अलग रह रही थी और पंडोपारा क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर निवास कर रही थी।
आरोप है कि 14 जून को जितेंद्र अपनी पत्नी के पास पहुंचा और चरित्र पर संदेह को लेकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसका सिर मुंडवा दिया, चेहरे पर कालिख पोत दी और उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया।
वहीं, आरोपी का कहना है कि उसे पत्नी के संबंधों को लेकर संदेह था। हालांकि पुलिस ने मामले में पीड़िता की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।