पुरानी रंजिश में युवकों पर जानलेवा हमला, एक नाबालिग समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में युवकों पर जानलेवा हमला, एक नाबालिग समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले मालवाहक वाहन से युवकों को टक्कर मारने की कोशिश की और बाद में डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में घायल दोनों युवकों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अपोलो चौक के पास हुई। लिंगियाडीह निवासी आदित्य महंत और रवि गंधर्व वहां खड़े थे, तभी तेज रफ्तार से आए एक मालवाहक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन से उतरे कुछ युवकों ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया।

आरोप है कि कुछ ही देर में अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर दोनों युवकों पर हमला कर दिया। हमले में आदित्य के सिर, कान और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि रवि की आंख और पैरों में चोट लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी उर्फ बउवा अहिरवार, संजय उर्फ संजू विश्वकर्मा, मुकेश उर्फ मुक्की यादव, राहुल उर्फ छोटू यादव और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।