4.56 करोड़ रुपये के गांजा तस्करी सिंडिकेट का मास्टरमाइंड यूपी से गिरफ्तार
महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बसना पुलिस ने 4.56 करोड़ रुपये मूल्य के गांजा तस्करी मामले में मुख्य सरगना और कथित नशा कारोबार संचालक विनय शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को बसना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन को रोका था। जांच में वाहन में कच्चे केलों के नीचे छिपाकर रखी गई 29 प्लास्टिक बोरियों से 912.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने मौके से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की थीं।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि गांजे की यह खेप ओडिशा के कंधमाल से उत्तर प्रदेश के शामली भेजी जा रही थी। मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को विनय शर्मा की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
इसके बाद बसना थाना की विशेष टीम को उत्तर प्रदेश रवाना किया गया, जहां 17 जून को आरोपी विनय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई राज्यों में संचालित शराब ठेकों की आड़ में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ा हुआ था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस उसे महासमुंद ला रही है, जहां आगे की पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
इस मामले में महासमुंद पुलिस सप्लायर से लेकर कथित रिसीवर तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच और कार्रवाई का सिलसिला अभी जारी है।

admin 




