विधवा से दो देवरों पर दुष्कर्म का आरोप: शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किए अलग-अलग केस

विधवा से दो देवरों पर दुष्कर्म का आरोप: शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किए अलग-अलग केस

गौरेला। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने अपने ही दो देवरों पर अलग-अलग समय में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर गौरेला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पति का निधन करीब 10 वर्ष पहले हो चुका था। पति की मौत के बाद महिला अकेले रह रही थी। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग अवसरों पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने पहले भी मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई करवाने का प्रयास किया था, लेकिन विभिन्न कारणों से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद महिला कुछ समय के लिए दूसरे स्थान पर चली गई थी। संपर्क के लिए उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर भी बंद या गलत मिलने के कारण पुलिस उससे संपर्क नहीं कर पाई।

गौरेला थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के वापस लौटने के बाद उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाएं अलग-अलग समय, परिस्थितियों और व्यक्तियों से संबंधित हैं, इसलिए कानूनी प्रावधानों के तहत दो पृथक मामले दर्ज किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।