जगदलपुर (चैनल इंडिया)। बस्तर में मानसून से पहले जंगलों और जल संरक्षण को लेकर बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग ‘वर्षा जल जहां गिरे, वहीं सहेजें’ मिशन के तहत पहाड़ी और पथरीले इलाकों में सीड बॉल तकनीक का इस्तेमाल कर हरियाली बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही लाखों जल संरक्षण संरचनाएं बनाकर बारिश की हर बूंद को जमीन में सहेजने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल भूजल स्तर सुधरेगा, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
बस्तर वनमंडल ने इस वर्ष जल संवर्धन के लिए तकनीकी रूप से सटीक और विशाल लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 1.8 लाख एससीटी ये खाइयां पहाड़ी ढलानों पर बहते पानी की गति को रोककर उसे जमीन के भीतर समाहित करती हैं। 1.3 लाख लूज बॉल्डर चेकडैम (एलबीसीडी) नालों में पत्थरों के छोटे बांध बनाकर मिट्टी के कटाव को रोका जा रहा है और नमी बरकरार रखी जा रही है।
बस्तर की उन दुर्गम और अत्यधिक ढलान वाली पहाडिय़ों पर, जहां पारंपरिक वृक्षारोपण संभव नहीं है, विभाग सीड बॉल्स का उपयोग कर रहा है। मिट्टी और खाद के आवरण में सुरक्षित इन बीजों को मानसून की पहली बारिश के साथ पथरीले इलाकों में डाला जाएगा, जो प्राकृतिक रूप से अंकुरित होकर हरित आवरण का विस्तार करेंगे।
वन विभाग जगदलपुर वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक आलोक कुमार तिवारी ने बताया कि, बस्तर की भौगोलिक स्थिति जल संवर्धन के लिए अत्यंत अनुकूल है। विभाग का लक्ष्य वर्षा के जल की हर बूंद को सहेजकर वनों को आत्मनिर्भर बनाना है। बस्तर के वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग का ध्यान केवल निर्माण पर नहीं बल्कि गुणवत्ता पर है। सीड बॉल तकनीक और जल संरक्षण संरचनाएं बस्तर के भविष्य के लिए संजीवनी साबित होंगी। इससे न केवल वनों की उत्पादकता बढ़ेगी, बल्कि वन्यजीवों के लिए ग्रीष्मकाल में भी पेयजल की कमी नहीं होगी।