मरवाही में घर के सामने से व्यवसायी का अपहरण

मरवाही में घर के सामने से व्यवसायी का अपहरण

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उषाढ़ में शनिवार दोपहर बाद एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक किराना व्यवसायी का उनके घर के सामने से ही अपहरण कर लिया। यह पूरी वारदात व्यवसायी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। 

उषाढ़ निवासी किराना व्यवसायी गिरीश यादव शनिवार दोपहर बाद अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान वहां एक नीली बलेनो कार आकर रुकी, जिसमें से दो हथियारबंद अज्ञात युवक नीचे उतरे, और गिरीश यादव को पकडक़र जबरन कार में बैठाना शुरू कर दिया।

घर के सामने हलचल देखकर व्यवसायी के परिजन तुरंत बीच-बचाव करने दौड़े और शोर मचाया, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने परिजनों को धक्का देकर गिरीश यादव को जबरन गाड़ी में ठूंसकर कार को तेज रफ्तार में भगा ले गए।

मरवाही पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों और वाहन का सुराग लगाया जा रहा है। साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है। व्यवसायी की सुरक्षित बरामदगी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।