शादी और नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, 6 लाख की ठगी; आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
रायपुर। राजधानी रायपुर में शादी और नौकरी का झांसा देकर एक आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म और लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता प्रतियोगी परीक्षा के सिलसिले में रायपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। आरोपी ने स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए मंत्रालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और युवती से नजदीकियां बढ़ाईं।
आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। साथ ही नौकरी लगवाने के नाम पर उससे करीब 6 लाख रुपये भी ले लिए। लंबे समय तक न तो नौकरी मिली और न ही शादी को लेकर कोई पहल की गई, जिसके बाद युवती को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
इसके बाद पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी तथा एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

admin 




