इंद्रप्रस्थ सोसाइटी की छत पर युवक का शव मिला: फंदे से लटका मिला शव, सुसाइड नोट बरामद

इंद्रप्रस्थ सोसाइटी की छत पर युवक का शव मिला: फंदे से लटका मिला शव, सुसाइड नोट बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ फेस-02 में गुरुवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार इंद्रप्रस्थ फेस-02 के एलआईजी सी-ब्लॉक की छत पर लोगों ने एक युवक को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। फुटेज में युवक घटना से पहले लिफ्ट के जरिए ऊपरी मंजिल की ओर जाता दिखाई दे रहा है। हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम चंद गावड़े ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतक की उम्र लगभग 32 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मानसिक शांति की तलाश से जुड़ी बातें लिखी गई हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल नोट की सामग्री और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।