दिमागी नक्सलियों को बहुत जल्द सबक सिखाया जाएगा : नितिन नवीन
रायपुर/रायगढ़ (चैनल इंडिया)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज यहां ऐलान किया कि दिमागी नक्सलियों को बहुत जल्द सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने अपने प्रयासों से छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त कर दिया है परंतु दिमागी नक्सल अभी बाकी हैं। इन चेहरों को पहचानने की जरूरत है क्योंकि वे वातानुकूलित कमरों में बैठकर क्रांति की बात करते हैं। कुछ लोग ऐसे हैं, जो दिमागी नक्सलियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है।
धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए नितिन नवीन ने जनजाति समाज के सेनानियों का स्मरण करते हुए कहा कि इस समाज के कारण ही जंगल के संसाधन और उसके कारण पर्यावरण बचा हुआ है। कांग्रेस पर तीखे हमले करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने इस समुदाय को हमेशा किनारे ही रखा, इसका उपयोग केवल वोट के लिए किया। इसकी विपरीत भाजपा ने इस समाज को काम भी सौंपा और नेतृत्व भी सौंपा है।
बस्तर में बदलते हुए वातावरण का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जिन स्थानों पर बंदूक चलाने का अभ्या कराया जाता था और वहां खेल के मैदान बन चुके हैं। हर क्षेत्र में बस्तर ीक प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। इस समाज के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अनेक योजनाओं का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का यह लक्ष्य है कि जनजाति समाज के हर व्यक्ति को सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ मिले। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को भी दायित्व दिया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, बंदूक की जगह संवाद किया जाए और भय को सदैव के लिए खत्म किया जाए। इस दौरान धरमजयगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा समेत मंत्री तथा विधाय उपस्थित थे।
घने कोहरे ने रोका नितिन नवीन का प्लेन
धरमजयगढ़ प्रवास रद्द किया गया
धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होने वाले थे। हालांकि, नितिन नवीन का हेलिकॉप्टर तय स्थान पर लैंड नहीं हो सका है। जानकारी के मुताबिक घने कोहरे के कारण ये फैसला लिया गया। उनका चार्टर प्लेन वापस लौट गया है। इसके साथ ही नितिन नवीन का धरमजयगढ़ दौरा रद्द कर दिया गया।
प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम स्थल पर हैं। कांग्रेस विधायक वाली इस सीट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। धरमजयगढ़ रायगढ़ जिले की अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीट है। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सभा के लिए पुख्ता तैयारी की थी। भीड़ जुटाने से लेकर सभा स्थल पर चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। जैसे ही सभा स्थल में जुटी भीड़ और प्रदेशभर से आ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भीड़ को इस बात की जानकारी मिली कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चार्टर प्लेन घने कोहरे के कारण वापस लौट गया है, मायूसी देखी जा रही है। बिलासपुर और सरगुजा संभाग के अलावा रायपुर, दुर्ग, बस्तर संभाग से कार्यकर्ताओं के आने का धरमजयगढ़ में रेला लगा हुआ था।
admin
















