पिता के डंडे का वार मां की गोद में सो रहे ढाई महीने के मासूम को लगा, मौत
पत्नी से विवाद के दौरान किया था हमला, इलाज के दौरान बच्चे ने तोड़ा दम; आरोपी पति गिरफ्तार
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सलोरा में घरेलू विवाद के दौरान हुए हमले में मां की गोद में मौजूद ढाई महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में पत्नी से विवाद कर रहे पिता ने उस पर डंडे से वार किया, जिसकी चोट बच्चे को भी लगी। गंभीर हालत में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोरा निवासी द्वारिका प्रसाद केंवट शराब के नशे में अपनी पत्नी मुस्कान केंवट के चरित्र पर संदेह करते हुए उससे विवाद कर रहा था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि द्वारिका ने आवेश में आकर पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। उस समय ढाई महीने का बच्चा मां की गोद में था और डंडे की चोट उसे भी लग गई।
घटना में गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में मातम छा गया और गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी, एसआई चंद्रमणि खांडे और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति द्वारिका प्रसाद केंवट को उसके घर से हिरासत में लिया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है।
admin
















