आज शाम आरसीबी और  केकेआर के बीच मुकाबला पहले मैच में पिज्जा 300 में, 150 में बिकी थी पानी बोतल

आज शाम आरसीबी और  केकेआर के बीच मुकाबला पहले मैच में पिज्जा 300 में, 150 में बिकी थी पानी बोतल
रायपुर (चैनल इंडिया)। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आज शाम आरसीबी और केकेआर के बीच मुकाबला होगा। मैच को लेकर रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने रूट चार्ट और पार्किंग प्लान जारी किया है। रायपुर शहर से स्टेडियम जाने वाले दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से होकर स्टेडियम पहुंचना होगा।
मौसम विभाग ने आज शाम बारिश की आंशका जताई है। वहीं, इस बार स्टेडियम का पूरा मैनेजमैंट आरसीबी संभाल रही है। लोगों में मैच को लेकर उत्साह है, लेकिन व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले 10 मई को हुए मैच में दर्शकों फ्री वाई-फाई नहीं मिला। 20 रुपए की पानी की बोतल 150 रुपए में बेची गई। 60 का पिज्जा 300 में बेचा गया। खाने के कई आयटम्स महंगे दामों में बेचे गए। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। हालांकि, इस मामले में मैनेजमेंट की ओर कुछ नहीं कहा गया है।
मुकाबले से पहले केकेआर की टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंची और स्टेडियम में प्रैक्टिस किया। इस दौरान केकेआर के बल्लेबाजों ने लंबे शॉट्स और डेथ ओवर्स की बल्लेबाजी पर खास फोकस किया। खिलाडिय़ों ने बड़े हिट लगाने के साथ-साथ आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की रणनीति पर काम किया। दूसरी ओर गेंदबाजों ने यॉर्कर, स्लोअर वन और डेथ ओवर की लाइन-लेंथ पर अभ्यास किया। टीम के ज्यादातर खिलाड़ी मैदान पर अभ्यास करते नजर आए, लेकिन कप्तान अजिंक्य रहाणे प्रैक्टिस सत्र में शामिल नहीं हुए। हालांकि टीम मैनेजमेंट की ओर से उनकी गैरमौजूदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्टेडियम में खिलाडिय़ों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और दर्शकों को सीमित एरिया से ही खिलाडिय़ों को देखने की अनुमति दी गई। पुलिस और सुरक्षा बल पूरे प्रैक्टिस सेशन के दौरान तैनात रहे।
नहीं आएंगे किंग खान
मैच से पहले चर्चा थी कि शाहरुख खान अपनी टीम केकेआर को सपोर्ट करने रायपुर पहुंच सकते हैं, लेकिन अब उनके आने की संभावना खत्म हो गई है। शाहरुख इस सीजन में अब तक केवल एक मैच में दिखाई दिए थे। वे छह अप्रैल को ईडन गार्डन में में केकेआर  और पंजाब किंग्स के मुकाबले के दौरान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ नजर आए थे।