देवकीनंदन ठाकुर की कलश यात्रा में महिला श्रद्धालु बनीं चेन स्नेचरों का शिकार, 5 महिलाओं के गले से लाखों के जेवर पार

देवकीनंदन ठाकुर की कलश यात्रा में महिला श्रद्धालु बनीं चेन स्नेचरों का शिकार, 5 महिलाओं के गले से लाखों के जेवर पार

रायपुर। राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के तहत निकाली गई कलश यात्रा के दौरान चेन स्नेचिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने पांच महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन पार कर दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी दौरान संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू चेन चोरी की वारदात का शिकार हो गईं।

पीड़िता ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह कलश यात्रा के दौरान महाराज के स्वागत का वीडियो अपने मोबाइल से बना रही थीं। इसी बीच उन्हें महसूस हुआ कि पीछे खड़ी एक महिला ने उनके गले के पास हाथ लगाया। उस समय उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन कुछ देर बाद जब मोबाइल से सेल्फी ली तो उनके गले से सोने की चेन गायब थी और केवल तुलसी एवं रुद्राक्ष की माला बची थी।

उन्होंने बताया कि चोरी हुई चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम था, जिसकी कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। घटना के बाद वह शिकायत लेकर पहले पुरानी बस्ती थाना पहुंचीं, जहां से उन्हें सिटी कोतवाली थाना भेजा गया। वहां उन्होंने मामले की एफआईआर दर्ज कराई।

ओमकुमारी वर्मा के अनुसार, थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछा कि क्या उनकी भी चेन चोरी हुई है। पूछने पर पुलिस ने बताया कि उनसे पहले भी कई महिलाएं इसी तरह की शिकायत लेकर थाने पहुंच चुकी थीं।

पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि कलश यात्रा में सक्रिय किसी महिला चोर गिरोह ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। उनका कहना है कि आयोजन के दौरान कई अन्य महिलाओं ने भी जेवर और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत की है।

सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस कलश यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।