दिल्ली में फिर एक नाबालिग से गैंगरेप की वारदात आई सामने, अब तक पांच लोगों की हुई गिरफ्तारी

दिल्ली में फिर एक नाबालिग से गैंगरेप की वारदात आई सामने, अब तक पांच लोगों की हुई गिरफ्तारी

नई दिल्ली। दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी इलाके में एक क्लब के बाहर खड़ी 17 वर्षीय लड़की और महिला से गैंगरेप की वारदात सामने आई है। घटना शनिवार की आधी रात की है। मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब पेट में दर्द होने के बाद पीड़ित लड़की इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल पहुंची।
नाबालिग लड़की के पिता बढ़ई का काम करते हैं, जबकि उसकी मौसी का पति दक्षिण दिल्ली में फूड डिलीवरी एग्जीक्यूटिव का काम करता है। शनिवार की रात वे डिफेंस कॉलोनी के एक क्लब में गईं। लड़की की कम उम्र होने के कारण क्लब में घुसने नहीं दिया गया। वे दोनों आधी रात को क्लब के पास खड़ी थीं, तभी आरोपी मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में आए और उन्हें मालवीय नगर के दूसरे क्लब में ले जाने की बात कहने लगे। दोनों कार में बैठने के लिए तैयार हो गईं। इसके बाद आरोपी उन्हें मालवीय नगर के किसी क्लब में ले जाने की बजाए गुरुग्राम लेकर चले गए। वहां उन्हें शराब के साथ कोल्ड ड्रिंक पिलाई।
जब नाबालिग लड़की और उसकी मौसी नशे में आ गईं, तो वे उन्हें लेकर एक घर में गए। वहां उनके साथ सामूहिक बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद उन्हें आश्रम इलाके के पास छोड़कर फरार हो गए। अगली सुबह जब लड़की को पेट में दर्द हुआ, तो वे सफदरजंग अस्पताल गईं, जहां उसे भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने जांच केबाद पाया कि लड़की का बलात्कार हुआ है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान शिवम परछा, अमन पाल, आशीष उर्फ ​​अंशुमान, अमर मेहरा और अभिषेक उर्फ ​​ईशू के रूप में हुई है। वे दक्षिण दिल्ली में ड्राइवर और सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं। 
मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने  आरोपियों के खिलाफ भारतीय  न्याय संहिता की धारा 64(1) और 70(1) और पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले की जांच के दौरान सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया गया है।