राम मंदिर ट्रस्ट का बयान: श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए आभूषण और चांदी की ईंटें सुरक्षित
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने हाल ही में उठे विवादों के बीच स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीराम को समर्पित सभी आभूषण, चांदी की ईंटें और अन्य दान सामग्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। ट्रस्ट ने इस संबंध में शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भक्तों को आश्वस्त किया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में कुछ श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा चांदी की ईंटों को लेकर सवाल उठाए गए थे। आरोप लगाया गया था कि मंदिर निर्माण और सेवा के लिए दान की गई चांदी की ईंटों के संबंध में उचित दस्तावेज और रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। इस मुद्दे को लेकर कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे।
इन घटनाओं के बाद ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में सामने आई घटनाओं से संस्था आहत और चिंतित है। ट्रस्ट ने कहा कि वह सभी रामभक्तों और दानदाताओं की भावनाओं का सम्मान करता है तथा मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जिन श्रद्धालुओं ने चांदी की ईंटें, आभूषण या अन्य मूल्यवान सामग्री भगवान श्रीराम की सेवा हेतु ट्रस्ट को सौंपी है, उनका पूरा लेखा-जोखा सुरक्षित रखा गया है और सभी सामग्री संरक्षित है।
दानपात्रों से प्राप्त राशि से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए ट्रस्ट ने बताया कि उसकी ओर से किए गए अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की जांच कर रहा है। अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है और संबंधित कानूनी प्रक्रिया जारी है।
ट्रस्ट ने कहा कि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।
अंत में ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट और भ्रामक अफवाहों से सावधान रहें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

admin 




