कल से कई जिलों में बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी के नए सिस्टम से बदलेगा मौसम

कल से कई जिलों में बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी के नए सिस्टम से बदलेगा मौसम

रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में अभी मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेशभर में मौसम मुख्य रूप से साफ  रहेगा। दोपहर और शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं।

मौसम विभाग ने कल से दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम बदलने के संकेत दिए हैं। जगदलपुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव और बीजापुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका तट के ऊपर बने निम्न दाब क्षेत्र का असर धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देगा। इसी प्रभाव के कारण दक्षिणी हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने आज रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है। दिन के समय मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल छा सकते हैं। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को तेज धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

समय पर पहुंच सकता है मानसून
मौसम विज्ञानियों ने इस वर्ष मानसून के समय पर केरल पहुंचने के संकेत दिए हैं। हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी में बढ़ रही गतिविधियों से मानसून को गति मिल रही है। अंडमान-निकोबार में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 22 मई मानी जाती है, जिसके बाद यह धीरे-धीरे केरल की ओर बढ़ता है। मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आसपास के क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो चुकी हैं, जिससे समय पर मानसून आने की संभावना मजबूत हुई है।