बस्तर समेत कई इलाकों में प्री-मानसून की फुहारें, अगले पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

बस्तर समेत कई इलाकों में प्री-मानसून की फुहारें, अगले पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
रायपुर (चैनल इंडिया)। बस्तर समेत कई इलाकों में प्री मानसून बारिश शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर को अभी राहत देने वाली बारिश का इंतजार है। मध्य इलाके- बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इन क्षेत्रों में 42 डिग्री के करीब तापमान दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग ने संभावना जताई कि प्रदेश में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन की गतिविधि के साथ तेज हवा, वज्रपात और वर्षा जारी रहेगी। 
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।  इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बिलासपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में शनिवार को मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। हालांकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने जानकारी दी  कि छत्तीसगढ़ में लगातार नमी आ रही है। बस्तर में वर्षा भी हो रही है। मानसून के लिए तय मानकों के अनुरूप वर्षा होने और परिस्थितियों पर नजर है। 
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूरे गोवा, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य, पूर्व मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।