रायपुर में ज्वेलरी शॉप का कर्मचारी 2.34 करोड़ का सोना लेकर फरार, CCTV में कैद हुई करतूत

रायपुर में ज्वेलरी शॉप का कर्मचारी 2.34 करोड़ का सोना लेकर फरार, CCTV में कैद हुई करतूत
रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करोड़ों रुपए के सोने की चोरी का मामला सामने आया है। दुकान का 16 साल पुराना कर्मचारी ही 2.34 करोड़ रुपए का सोना लेकर फरार हो गया। घटना के बाद कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित “मनोहरमल एंड कंपनी” में काम करने वाला सूरज साहू लंबे समय से दुकान में कार्यरत था। भरोसेमंद कर्मचारी होने के कारण उसे डिस्प्ले में रखे गए सोने के जेवर वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि पिछले महीने आरोपी ने एक व्यापारी को दिखाने के लिए लॉकर से सोने के जेवर निकाले थे। इसके बाद जेवर वापस लॉकर में रखने के बजाय उसने उन्हें अपने बैग में रख लिया और चुपचाप घर चला गया। घटना के बाद भी वह कुछ दिनों तक नियमित रूप से दुकान आता रहा, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
करीब एक महीने बाद स्टॉक मिलान के दौरान 1,495 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद कारोबारी ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में कर्मचारी सूरज साहू संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आया।
गायब सोने के जेवरों की कीमत करीब 2.34 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह फरार मिला। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और CCTV फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।