टिकरापारा में पुलिस का एक्शन, 9 नशेड़ी, चाकूबाज और अड्डेबाजों पर शिकंजा

टिकरापारा में पुलिस का एक्शन, 9 नशेड़ी, चाकूबाज और अड्डेबाजों पर शिकंजा

रायपुर। रायपुर में अपराध और नशे पर अंकुश लगाने के लिए टिकरापारा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने क्षेत्र के नशेड़ी, गंजेड़ी, चाकूबाज और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले 9 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना टिकरापारा की दो संयुक्त टीमों ने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई, वाहनों की जांच की गई और सार्वजनिक स्थानों पर जुटने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 9 बदमाशों को चिन्हित कर उनके खिलाफ बीएनएसएस की प्रतिबंधात्मक धाराओं 170, 126 और 135(3) के तहत इस्तगासा तैयार कर एसीपी कार्यालय में पेश किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस की ओर से असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।