ओमेगा और मेडिशाइन मिलकर रायपुर में बनाएंगे कैंसर केयर सेंटर

ओमेगा और मेडिशाइन मिलकर रायपुर में बनाएंगे कैंसर केयर सेंटर

11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे भमिपूजन, जांच से इलाज और मरीजों की सहायक देखभाल तक सुविधाएं विकसित करने की योजना

रायपुर। हैदराबाद के ओमेगा हॉस्पिटल्स और रायपुर के श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल्स ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए साझेदारी की है। इस पहल के तहत ओमेगा मेडिशाइन हॉस्पिटल्स के नाम से चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 11 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम में साझेदारी का औपचारिक शुभारंभ और व्यापक कैंसर केयर सेंटर की आधारशिला रखी जाएगी। 
कैंसर केयर सेंटर का भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव,विजय शर्मा,स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य मंत्री शामिल होंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. अनिल शर्मा एवं मेडिकल डायरेक्टर डॉ. सुशील शर्मा ने बताया कि 
इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के मरीजों को कैंसर के आधुनिक जांच एवं उपचार की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।

जांच से उपचार तक की सुविधाएं

प्रस्तावित कैंसर केयर सेंटर में कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए स्क्रीनिंग, जागरूकता और मॉलेक्यूलर डायग्नोस्टिक्स पर ध्यान दिया जाएगा। योजना में मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के साथ हेमेटो-ऑन्कोलॉजी सेवाएं शामिल हैं। मरीजों के लिए पोषण परामर्श, दर्द प्रबंधन, पैलिएटिव केयर और मनोसामाजिक सहयोग की व्यवस्था विकसित करने की भी योजना है।

इस साझेदारी में ओमेगा हॉस्पिटल्स की विशेषज्ञता और चिकित्सा तकनीक को श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल्स के स्थानीय अनुभव के साथ जोड़ा जाएगा। संस्थान का लक्ष्य मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम करना है।

प्रदेश में कैंसर के मामले बढ़ने की चुनौती

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में कैंसर के 30,763 और वर्ष 2025 में 31,553 मामले दर्ज किए गए। अप्रैल 2024 से जून 2026 के बीच 17,611 नए मामले सामने आने का भी उल्लेख है। इनमें मुख, फेफड़े, स्तन, सर्वाइकल, पेट और गले के कैंसर शामिल हैं। ऐसे में समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार की उपलब्धता महत्वपूर्ण है।

13 राज्यों में 33 से अधिक केंद्र

ओमेगा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के प्रबंध निदेशक डॉ. मोहन वामसी ने इस पहल को संस्थान की राष्ट्रीय विस्तार योजना की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। संस्थान के अनुसार, ओमेगा वर्ष 2010 से कैंसर और जटिल रोगों के उपचार के क्षेत्र में काम कर रहा है तथा 13 राज्यों में इसके 33 से अधिक केंद्र संचालित हैं।

ओमेगा मेडिशाइन हॉस्पिटल्स के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुशील शर्मा और प्रबंध निदेशक श्रीमती कात्यायनी शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना आगे बढ़ाई जा रही है। डॉ. शर्मा के अनुसार, मरीजों को समन्वित उपचार उपलब्ध कराने के साथ इलाज के दौरान उन्हें और उनके परिजनों को जरूरी सहयोग देना भी पहल का हिस्सा है।