अब घर बैठे बनेगा राशन कार्ड नया कार्ड बनाने, नाम जोडऩे-हटाने ऑनलाइन आवेदन

अब घर बैठे बनेगा राशन कार्ड नया कार्ड बनाने, नाम जोडऩे-हटाने ऑनलाइन आवेदन
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य सरकार ने राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी कर कहा है कि नए राशन कार्ड जारी करने, राशन कार्ड में सदस्य जोडऩे और सदस्य विलोपन (नाम हटाने) के लिए अब सेवा-सेतु (ई- डिर्सट्रक्ट) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएं। यह सुविधा राज्यभर में लागू की गई है। 
इस व्यवस्था के तहत नागरिकों को अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार का दावा है कि ऑनलाइन प्रक्रिया से आवेदन, सत्यापन और कार्ड जारी करने की पूरी प्रणाली अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। राज्य में राशन कार्ड ऑनलाइन बनाने की शुरुआत पहली बार हुई है। इससे पहले शहरों में पार्षदों व गांवों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से राशन कार्ड बनाने की मैन्युअल प्रक्रिया थी। यह भी जारी रहेगी। 
आदेश में कहा गया है कि नए राशन कार्ड जारी करने, सदस्य जोडऩे और नाम हटाने की सुविधा लोक सेवा केंद्रों के साथ-साथ स्थानीय निकायों तथा आम नागरिकों के लिए भी सेवा-सेतु (ई-डिस्ट्रक्ट) पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए सभी नगरीय निकायों और विकास खंडों को निर्देशित किया गया है कि वे पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्राप्त करें। लोक सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन करने पर हितग्राही को 30 रुपये का निर्धारित शुल्क देना होगा। वहीं स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने वाले नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन रसीद क्रमांक उपलब्ध कराया जाएगा।
डिजिटल सत्यापन के बाद जारी होगा राशन कार्ड
नई व्यवस्था में आवेदन प्राप्त होने के बाद अधिकृत सत्यापनकर्ता अधिकारी दस्तावेजों और पात्रता की जांच करेंगे। इसके बाद आवश्यक जानकारी और अनुशंसा पोर्टल पर दर्ज कर डिजिटल हस्ताक्षर के साथ स्वीकृतकर्ता अधिकारी को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने पर निर्धारित मानदंडों के अनुसार नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा।