छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार होगी धीमी, आज से बढ़ सकता है तापमान

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार होगी धीमी, आज से बढ़ सकता है तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में दो दिनों बाद धूप निकलने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि पिछले कुछ दिनों की तुलना में बारिश की तीव्रता कम रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके कमजोर पड़ने की संभावना है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से बांग्लादेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए द्रोणिका सक्रिय है, जबकि एक अन्य द्रोणिका उत्तर-पूर्व अरब सागर से बांग्लादेश तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों का असर प्रदेश के मौसम पर बना रहेगा।

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा भी हुई। राजधानी रायपुर में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।