कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर, कवर्धा और  गीदम में नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी

कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर, कवर्धा और  गीदम में नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू होगी। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने राज्य के 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इन कॉलेजों में 50-50 एमबीबीएस सीटें मंजूर की गई हैं।
इसके साथ ही प्रदेश में 250 नई एमबीबीएस सीटें जुड़ जाएंगी। जिन जिलों में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होंगे, उनमें गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम शामिल हैं। दरअसल, एक महीने पहले इंफ्रास्ट्रक्चर और फेकल्टी की कमी के कारण एनएमसी ने इन कॉलेजों की मान्यता पर रोक लगा दी थी। सभी कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध होंगे।
एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने इन कॉलेजों को लेटर ऑफ परमिशन (एलओपी) जारी कर दिया है। इसके साथ ही इन कॉलेजों में 2026-27 सत्र से प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है। एनएमसी ने स्पष्ट किया है कि सभी कॉलेजों को भवन, अस्पताल, फैकल्टी, उपकरण, क्लिनिकल सुविधाओं और अन्य मानकों को लगातार बनाए रखना होगा। भविष्य में निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने या नियमों का उल्लंघन होने पर आयोग कार्रवाई कर सकता है।
एमबीबीएस की कुल 2580 सीटें 
छत्तीसगढ़ के 10 सरकारी और 5 निजी मेडिकल कॉलेजों में कुल 2330 एमबीबीएस सीटें हैं। इसमें से 1430 सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेजों में हैं, जबकि 900 सीटें निजी कॉलेजों में हैं। पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी के बाद अब 15 सरकारी मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे। इन कॉलेजों में 250 सीटें मंजूर हैं। 2026-27 शैक्षणिक सत्र में एमबीबीएस की कुल 2580 सीटें हो जाएंगी। 1680 सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेजों की होंगी।