अश्लील वीडियो भेजकर वकील को ब्लैकमेल करने की कोशिश, 50 हजार की मांगी फिरौती
रायपुर। राजधानी में एक वकील को अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता वकील कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि 20 मई की शाम करीब 5रू27 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आया। जब उन्होंने वापस कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने वीडियो भेजने की बात कही। इसके कुछ देर बाद दूसरे नंबर से उनके मोबाइल पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया, जिसे देखकर वे हैरान रह गए।
इसके बाद आरोपियों ने फिर फोन कर 50 हजार रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो को इंटरनेट, मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। वकील ने रुपए देने से इनकार करते हुए कहा कि वीडियो में दिखाई गई बातों से उनका कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जाती रहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में इसे साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल एक्सटॉर्शन का मामला माना जा रहा है।

admin 





