पुरानी रंजिश में दो युवकों पर चाकू और डंडे से हमला, चार आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में दो युवकों पर चाकू और डंडे से हमला, चार आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। शहर के नंदई चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला करने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने चार बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल तीन नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों पर बांस के डंडे और धारदार चाकू से हमला कर दोनों युवकों को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 नवंबर की रात करीब 9.30 बजे की है। वार्ड क्रमांक 39, कुआं चौक नंदई निवासी राजू भारती उर्फ उत्तम को सूचना मिली कि उनका बेटा शुभम भारती और वरुण नायक नंदई चौक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते रितेश यादव उर्फ लारो और उसके साथियों ने दोनों युवकों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर राजू भारती मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने शुभम के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर दिया, जबकि वरुण के सीने के बाईं ओर धारदार चाकू से वार किया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

मामले की रिपोर्ट पर बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 517/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 191 और 109 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें पकड़ा।

पूछताछ में घटना में चार बालिग आरोपियों के साथ तीन नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने चारों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।