धारा-घोटिया मार्ग पर सड़क किनारे दिखा तेंदुआ: राहगीरों में फैली दहशत, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की दी हिदायत

धारा-घोटिया मार्ग पर सड़क किनारे दिखा तेंदुआ: राहगीरों में फैली दहशत, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की दी हिदायत
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के धारा-घोटिया मार्ग पर सड़क किनारे एक तेंदुए की चहलकदमी देखे जाने से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने जब झाड़ियों के पास तेंदुए को विचरण करते देखा, तो तुरंत अपने वाहनों की गति धीमी कर ली। कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जंगल से सटे इस मार्ग पर वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है, लेकिन मुख्य सड़क के इतने करीब तेंदुए की मौजूदगी से राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई और इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई है।

वन विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र के आसपास के गांवों में अलर्ट जारी करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे देर शाम या अलसुबह धारा-घोटिया मार्ग पर अकेले यात्रा करने से बचें और मवेशियों को जंगल की ओर न ले जाएं। फिलहाल वन कर्मियों की टीम तेंदुए की मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।