40 वर्ष से अधिक वाली अविवाहित महिलाओं को भी महतारी वंदन!

40 वर्ष से अधिक वाली अविवाहित महिलाओं को भी महतारी वंदन!
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ के दायरे को और अधिक व्यापक बनाने की दिशा में सरकार विचार कर रही है। इस योजना के तहत अब राज्य की ऐसी महिलाओं को भी शामिल किए जाने की तैयारी है, जो 40 वर्ष से अधिक उम्र की हैं और अविवाहित हैं। महिला व बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि महतारी वंंदन योजना में 40 वर्ष से अधिक की अविवाहित महिलाओं को शामिल किया जाएगा। योजना का पोर्टल खुलने पर ऐसी महिलाएं पंजीकरण कर सकेंगी।
इस योजना के विस्तार से प्रदेश की हजारों और महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता का सीधा लाभ मिल सकेगा, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगी। प्रशासनिक गलियारों में इस बात पर तेजी से मंथन चल रहा है कि किस प्रकार पात्रता के नियमों को सरल बनाते हुए इस नई श्रेणी की महिलाओं को योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए जल्द ही दिशा-निर्देश और आवश्यक औपचारिकताओं की घोषणा की जा सकती है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल राज्य के हर वर्ग के समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आने वाले दिनों में इस योजना के विस्तार से राज्य की महिलाओं में एक बार फिर भारी उत्साह देखने को मिल सकता है।