प्रदेश में बदला मौसम, 30 जिलों में येलो अलर्ट : अगले दो दिन तेज बारिश और वज्रपात

प्रदेश में बदला मौसम, 30 जिलों में येलो अलर्ट : अगले दो दिन तेज बारिश और वज्रपात
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के लगभग 30 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों के दौरान कई इलाकों में मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
येलो अलर्ट रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बेमेतरा, बलौदाबाजार और राजनांदगांव सहित कई जिले शामिल हैं। वहीं बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिलों में भी मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों तथा सुरक्षित स्थान पर ही रहें। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में नागरिकों से मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।