शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटाला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल 17 जुलाई तक EOW रिमांड पर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटालों के आरोपी वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को गुरुवार को विशेष अदालत में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश सुमित कपूर ने उन्हें 17 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
सुनवाई के बाद बचाव पक्ष के अधिवक्ता फैजल रिजवी ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान EOW रामगोपाल अग्रवाल से विभिन्न मामलों में पूछताछ करेगी। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल को बुधवार को EOW ने हिरासत में लिया था। वे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और पूर्व में नान (NAN) के अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं। शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटालों में आरोपी बनाए जाने के बाद से वह पिछले करीब तीन वर्षों से फरार बताए जा रहे थे। उनकी तलाश आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, कस्टम मिलिंग घोटाले की जांच के सिलसिले में EOW ने रामगोपाल अग्रवाल को समन जारी किया था। इससे एक दिन पहले एजेंसी ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से कई घंटों तक पूछताछ की थी। इसके बाद रामगोपाल अग्रवाल स्वयं EOW कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
अब रिमांड के दौरान जांच एजेंसी उनसे तीनों बहुचर्चित घोटालों से जुड़े वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य अहम बिंदुओं पर पूछताछ करेगी। मामले की जांच जारी है।

admin 




