भुवंस स्कूल बस से कुचलकर मासूम की मौत, अंडरब्रिज सर्विस रोड पर हुआ हादसा

भुवंस स्कूल बस से कुचलकर मासूम की मौत, अंडरब्रिज सर्विस रोड पर हुआ हादसा
चालक गिरफ्तार, परिजनों ने थाना घेरा
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी रायपुर में आज सुबह सडक़ हादसे में तीन साल के मासूम की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब आठ बजे विधानसभा अंडरब्रिज सर्विस रोड के पास हुआ। यहां भुवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। बस चालक और कंडक्टर से थाने में पूछताछ की जा रही है। विधानसभा थाना पुलिस के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास राजा देवार का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे भुवंस स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड पर राजा देवार का तीन साल का बेटा मुन्ना अचानक बस की चपेट में आ गया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए परिजन और बस्ती के लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंच गए। उन्होंने आरोपी बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। परिजनों का कहना है कि स्कूल बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वहीं, बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।