चक्रवाती तूफान 'अकवान' का दिखेगा असर, प्रदेश के इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवाती तूफान 'अकवान' का दिखेगा असर, प्रदेश के इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डीप डिप्रेशन के चक्रवात का रूप लेने और आगे बढ़ने के कारण राज्य के मौसम पर इसका सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस संभावित चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Cyclone Akvan) के असर से 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है, जिससे ठंड के बीच नमी और उमस का अहसास भी बढ़ सकता है।

वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में फिलहाल आसमान मुख्य रूप से साफ बना हुआ है तथा अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। हालांकि, चक्रवात के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के कारण 20 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ और 21 नवंबर को उत्तरी संभाग के कुछ चुनिंदा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस बेमौसम बारिश की संभावना ने समर्थन मूल्य पर धान कटाई और खरीदी की तैयारियों में जुटे किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।