डोंगरगढ़ में डबल मर्डर, मां और बेटे की हत्या; बेटी गंभीर रूप से घायल

डोंगरगढ़ में डबल मर्डर, मां और बेटे की हत्या; बेटी गंभीर रूप से घायल

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां घर में घुसकर मां और बेटे पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। वहीं, परिवार की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

घर में घुसकर किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कमला सोनकर और उनके बेटे के रूप में हुई है। हमले में कमला की बेटी ममता सोनकर भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय कमला सोनकर के पति घर से बाहर थे। इसी दौरान घर में यह वारदात हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पारिवारिक रंजिश की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वारदात में परिवार के ही एक रिश्तेदार पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। हालांकि, आरोपी की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल में जुटी है। घटना के पीछे की वजह और अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।