टाटीबंध से नेहरू नगर भिलाई तक दोपहिया वाहनों के लिए अलग लेन 

टाटीबंध से नेहरू नगर भिलाई तक दोपहिया वाहनों के लिए अलग लेन 

- मेन लेन में एंट्री बंद हो जाएगी

- सर्विस लेन दोगुनी चौड़ी होगी

रायपुर (चैनल इंडिया)। एनएच-53 पर हादसे रोकने के लिए रायपुर के टाटीबंध चौक से भिलाई के नेहरू नगर चौक तक ट्रैफिक सिस्टम बदला जाएगा। मेन और सर्विस लेन के बीच क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इसके बाद सर्विस लेन को 3 मीटर से बढ़ाकर 6 मीटर चौड़ा किया जाएगा। काम पूरा होने पर दोपहिया वाहनों की मेन लेन में आवाजाही बंद कर उन्हें सर्विस लेन से गुजारा जाएगा। नियम तोडऩे वालों की निगरानी के लिए पूरे रूट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक दूरी करीब 26 किमी है। फ्लाईओवर वाले हिस्से को छोडक़र दोनों ओर 18-18 किमी में बैरियर लगेंगे। खुर्सीपार चौक, भिलाई-3 और चरोदा सहित जहां मिडिल कट हैं, वहां आवाजाही के लिए जगह छोड़ी जाएगी। एजेंसी चयन की निविदा अंतिम चरण में है। दो-तीन महीने में काम शुरू होने की संभावना है। सर्विस लेन चौड़ी करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। हाईवे किनारे पर्याप्त जगह है, लेकिन कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण लेन संकरी हो गई है। चौड़ीकरण से पहले ये कब्जे हटाए जाएंगे।

स्टील या कंक्रीट से बने क्रैश बैरियर टक्कर लगने पर मुडक़र वाहन की रफ्तार और झटका कम करते हैं। इससे वाहन के पलटने या दूर तक उछलने का खतरा घटता है। बैरियर लगने से मवेशियों को मेन लेन में आने से रोकने में भी मदद मिलेगी। पीडब्ल्यूडी (एनएच) के एसडीओ आरएस गंजीर ने बताया कि दोनों ओर 18-18 किमी में क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। सर्विस लेन को दोगुना चौड़ा करने के लिए केंद्र की मंजूरी का इंतजार है।  

रोज 54 हजार वाहन 11 हजार दोपहिया
एनएच-53 मुंबई, कोलकाता और दक्षिण भारत को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है। इससे रोज करीब 54 हजार वाहन गुजरते हैं। हर साल ट्रैफिक करीब 5त्न बढ़ रहा है। कुल वाहनों में लगभग 20 प्रतिशत यानी 11 हजार दोपहिया हैं। भारी वाहनों के साथ मेन लेन पर दोपहिया चलने से इनके दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा अधिक रहता है। विभाग का अनुमान है कि दोपहिया वाहनों को सर्विस लेन में शिफ्ट करने से हादसे कम होंगे।