सड़क हादसे के बाद विवाद, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक गिरफ्तार

सड़क हादसे के बाद विवाद, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी घाट में हुए सड़क हादसे के बाद सामने आए आत्महत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को महासमुंद निवासी 25 वर्षीय ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू जगदलपुर से गीदम की ओर ट्रक लेकर जा रहा था। इसी दौरान बंजारी घाट क्षेत्र में उसकी ट्रक और एक लग्जरी कार के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद ट्रक चालक के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि कार चालक सागर हेमला (42), निवासी गंगालूर बेस कैंप, जिला बीजापुर ने ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही वाहन को हुए नुकसान की भरपाई के नाम पर पैसों की मांग करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना के अगले दिन ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू ने गीदम थाना क्षेत्र में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ वीडियो साझा किए थे।

वीडियो में युवक ने अपने परिवार और परिचितों के लिए भावुक संदेश छोड़े थे। साथ ही उसने आरोप लगाया था कि सड़क दुर्घटना के बाद उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे लगातार धमकियां दी गईं। युवक ने यह भी कहा था कि दुर्घटना जानबूझकर नहीं हुई थी, बल्कि वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।