कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान 'अकवान', लेकिन छत्तीसगढ़ के उत्तरी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट बरकरार

कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान 'अकवान', लेकिन छत्तीसगढ़ के उत्तरी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट बरकरार
रायपुर: तटीय इलाकों के पास सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' के उत्तर की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ने और अगले कुछ घंटों में अवदाब व स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना के बावजूद छत्तीसगढ़ में बारिश का खतरा फिलहाल टला नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है और बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि दो दिन बाद भी कुछ इलाकों में मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान मेघमय रहने और एक-दो स्थानों पर बारिश होने के साथ अधिकतम तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, वहीं बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जिसमें नया बाराद्वार में 3 सेमी तथा बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2 सेमी बारिश शामिल रही, जबकि पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस और सरगुजा व अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।