युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल: शव रखकर किया चक्काजाम, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक का शव पेंड्रा के दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मामले में हत्या का अपराध दर्ज करने की मांग की। कई घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया।
मृतक की पहचान सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल मिस्त्री था। उसका शव पेंड्रा के घसियापारा क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।
परिजनों का आरोप है कि सुरेंद्र की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसकी सुनियोजित हत्या की गई है। इसी मांग को लेकर परिजन शव को दुर्गा चौक ले आए और सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के चलते चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतक के भाई राजेंद्र कश्यप ने कई सवाल उठाते हुए कहा कि परिवार को पहले बताया गया था कि सुरेंद्र का शव नाली में मिला है, जबकि घटनास्थल पर कोई नाली नहीं थी। उनका दावा है कि शव एक आम के पेड़ के सहारे टिकाकर रखा गया था, जबकि उसकी मोटरसाइकिल कुछ दूरी पर खड़ी मिली। साथ ही उसका पर्स, मोबाइल और काम में इस्तेमाल होने वाले औजार भी गायब थे।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब सुरेंद्र की पत्नी ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, तो फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया। इन परिस्थितियों के आधार पर परिवार हत्या की आशंका जता रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात सारथी मोहल्ला क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था, जिसे डायल-112 की टीम जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

admin 




