Breaking News: अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक डीजीपी, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त कर दिया है। राज्य शासन ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।
बता दें कि पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा के रिटायरमेंट के बाद अरुण देव गौतम को प्रभारी डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पिछले करीब 14 महीनों से वे प्रभारी डीजीपी के रूप में कार्य कर रहे थे। अब जारी आदेश के बाद वे पूर्णकालिक डीजीपी के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने डीजीपी की नियुक्ति को लेकर यूपीएससी से जवाब मांगा था। इसके बाद यूपीएससी ने छत्तीसगढ़ सरकार को नोटिस जारी कर पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्ति पर जवाब तलब किया था। इसी प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार ने अब आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मूल निवासी अरुण देव गौतम छत्तीसगढ़ प्रशासन में लंबे समय तक अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे राज्य में सबसे लंबे समय तक गृह सचिव के पद पर भी कार्यरत रहे हैं।
अरुण देव गौतम को उनकी सेवाओं के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2002 में संयुक्त राष्ट्र मेडल (कोसोवो), 2010 में भारतीय पुलिस पदक और 2018 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

admin 





