तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर जा पलटी, भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर रूप से घायल

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर जा पलटी, भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर रूप से घायल
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से तेज रफ्तार और लापरवाही का एक भयावह मामला सामने आया है। कटघोरा-बांकी मोंगरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एन (Scorpio N) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार 18 वर्षीय युवक रूपेश पटेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, वहीं घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को दे दी है और वाहन अनियंत्रित होने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।