छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: ठंड के बीच क्या प्रदेश में होगी बारिश? बंगाल की खाड़ी में नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने के आसार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: ठंड के बीच क्या प्रदेश में होगी बारिश? बंगाल की खाड़ी में नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने के आसार
रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है और तापमान में आई गिरावट के चलते कई शहरों में सुबह एवं देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, वर्तमान में पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। इस बीच, मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम बनने की संभावना जताई है। मध्य अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्रों पर ऊपरी वायु परिसंचरण सक्रिय होने के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव (Low Pressure) का क्षेत्र बनने के आसार हैं। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आगामी दिनों में मौसमी गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और किसी भी स्थान पर बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान सुकमा में 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रमुख शहरों की बात करें तो रायपुर में न्यूनतम तापमान 17.3°C, बिलासपुर में 16.0°C, दुर्ग में 15.6°C और जगदलपुर में 14.0°C दर्ज किया गया है।