नवा रायपुर के सेज को भारत, सरकार ने किया अधिसूचित : छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि 

नवा रायपुर के सेज को भारत, सरकार ने किया अधिसूचित : छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि 
रायपुर (चैनल इंडिया)। पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने घोषणा की है कि, भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग ने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित मंदिर हसौद में सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के विनिर्माण के लिए कंपनी के विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) को अधिसूचित कर दिया है। भारत के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना एस.ओ. 3675(ई) के तहत प्लॉट संख्या 17/ए, 17/बी एवं 16/1ए सहित कुल 10.13 हेक्टेयर भूमि को इस विशेष आर्थिक क्षेत्र के रूप में अधिसूचित किया गया है। यह अधिसूचना भारत में सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षमताओं को सशक्त बनाने की दिशा में पॉलीमेटेक की दीर्घकालिक रणनीति का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रस्तावित सुविधा से निर्यात-उन्मुख विनिर्माण, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन तथा छत्तीसगढ़ से वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स इकोसिस्टम के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसवारा राव नंदम ने कहा, नवा रायपुर में पॉलीमेटेक के सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स एसईज़ेड की अधिसूचना हमारी विनिर्माण यात्रा का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हम भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उनके प्रति आभारी हैं। भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को कई मजबूत विनिर्माण केंद्रों की आवश्यकता है और पॉलीमेटेक भारत से एक सुदृढ़, विश्वसनीय तथा निर्यात-उन्मुख सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण आधार विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।इतिहास
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर और अटल नगर उन्नत विनिर्माण के लिए अत्यंत संभावनाशील क्षेत्र हैं। यहां सुव्यवस्थित बुनियादी ढांचा, विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी तथा उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। यह एसईज़ेड ढांचा हमें योजनाबद्ध तरीके से आगे बढऩे, कुशल रोजगार सृजित करने तथा भारत की दीर्घकालिक सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगा।