डिजिटल अरेस्ट कर 1.25 करोड़ की ठगी: साइबर गैंग के 3 और आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर को ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर 1.25 करोड़ रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल ने इस मामले में तीन और आरोपियों को दिल्ली और कर्नाटक से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। इससे पहले इसी केस में एक आरोपी को हरियाणा से पकड़ा जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन सिंह, जितेंद्र कुमार और राजदीप भाटिया के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को पुलिस, सीबीआई और अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे। वे पीड़ितों को मनी लॉन्ड्रिंग और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर वीडियो कॉल के जरिए घंटों तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखते थे।
इसी तरह आरोपियों ने रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर सपन कुमार को भी निशाना बनाया। आरोपियों ने लगातार वॉट्सऐप कॉल और वीडियो कॉल के जरिए डॉक्टर पर दबाव बनाया और अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.25 करोड़ रुपए ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पीड़ित से 55 लाख रुपए हासिल करने के लिए उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तक तुड़वा दी थी। साइबर ठगों ने डर और दबाव का माहौल बनाकर पूरी ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और मामले की जांच कई राज्यों तक पहुंच चुकी है। साइबर सेल आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल डेटा और लेनदेन की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, सीबीआई या किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल पर धमकाए या पैसों की मांग करे, तो घबराएं नहीं। ऐसे मामलों की तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत करें।

admin 





