जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या, गांव में तनाव

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या, गांव में तनाव

कर्नाटक के विजयपुरा जिले में जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। चडाचन थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव में 25 एकड़ कृषि भूमि को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस 25 एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, उसे हाल ही में निराले परिवार ने नीवरगी के तेली परिवार से खरीदा था। यह भूमि पिछले लगभग 15 वर्षों से विवादों में घिरी हुई थी और इसी कारण उस पर खेती नहीं हो पा रही थी।

बताया जा रहा है कि जमीन खरीदने के बाद जब निराले परिवार के सदस्य कब्जा लेने पहुंचे, तभी उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने हंसिया और अन्य घातक हथियारों का इस्तेमाल किया। हमला इतना क्रूर था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान दुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले (65), शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले (58), चंद्रकांत उर्फ चंदू रेवनसिद्दप्पा निराले (55), राहुल शिवपुत्र निराले (25), समर्थ शिवपुत्र निराले (23) और शब्बीर बाबूसाब अत्तर (45) के रूप में हुई है। वहीं अरविंद कटागे (72) और जेसीबी ऑपरेटर संदीप माने (33) घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी का संबंध वर्ष 2015 के एक हत्या मामले से भी जुड़ा हो सकता है। उस घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश और जमीन विवाद ने मिलकर इस खूनी वारदात को जन्म दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।