पति को डूबता देख तालाब में कूदी पत्नी, बचाने की कोशिश में दोनों की मौत

पति को डूबता देख तालाब में कूदी पत्नी, बचाने की कोशिश में दोनों की मौत

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब में गिरने के बाद पति डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए पत्नी ने भी पानी में छलांग लगा दी। दोनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। हादसा कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर के बड़का जोभी में हुआ।

पति को डूबता देख पत्नी ने लगाई छलांग

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुनेश्वर नाग वन विभाग के तालाब में अचानक गिर गए और गहरे पानी में डूबने लगे। पति को डूबता देख घुघरी नाग भी उन्हें बचाने के लिए तालाब में उतर गईं।

दोनों ने पानी से बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

बचाने पहुंची रिश्तेदार, ग्रामीणों ने बचाया

घटना के दौरान वहां मौजूद रिश्तेदार जसमती ने भी दंपती को बचाने के लिए तालाब में उतरने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को तालाब से बाहर निकाला गया।

CHC में शव वाहन नहीं मिला

शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बताया गया कि अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी वाहन से दोनों शवों को अस्पताल ले जाना पड़ा।

कुसमी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में शोक का माहौल है।