जहां कभी लगती थी जन अदालत वहीं सीएम ने लगाई जनचौपाल

जहां कभी लगती थी जन अदालत वहीं सीएम ने लगाई जनचौपाल
इमली पेड़ के नीचे ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
बीजापुर (चैनल इंडिया)। संवाद से समाधान तक...छत्तीसगढ़ में साय सरकार का सुशासन तिहार जारी है। जहां कभी लाल आतंक का दहशत था लेकिन आज सुशासन का उजियारा पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर मंगलवार को बीजापुर के कोंडपल्ली गांव में उतरा, जहां वे सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए और इमली पेड़ के नीचे जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से उनकी मांगे और समस्याएं सुनी। इस दौरान सडक़, बिजली जैसी समस्याओं पर भी सार्थक संवाद किया गया। 
सुशासन तिहार कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। जनचौपाल में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह पहले नक्सलियों के डर के साया में जीवन-यापन करते थे लेकिन अब सरकार हमारे गांवों स्कूल, आंगनबाड़ी, सडक़, पीने का पानी पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री ने उसी गांव में जनचौपाल लगाई, जहां कभी नक्सलियों की जनअदालत लगा करती थी। नक्सलवाद के खात्मे के बाद यहां की तस्वीर बदल रही है। इलाके में तेजी से विकास पहुंचाया जा रहा है। सरकार आवागमन के लिए सडक़, अस्पताल और स्कूल बनाने का काम कर रही है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां विकास में नक्सलियों द्वारा रोड़ा डाल कर कई सालों तक विकास से हमारे आदिवासियों को दूर रखा गया था। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद और गृहमंत्री अमित शाह के इच्छा शक्ति से क्षेत्र सहित पूरे देश में नक्सलवाद समाप्त हो गई है। अब हमारी सरकार की योजनाओं का लाभ इन्हें सीधा मिलेगा. यही हमारा भी कोशिश रहेगा।