हरिका के परिवार से मिले CJP के छत्तीसगढ़ प्रमुख, मुआवजे और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
जगदलपुर। नीट-यूजी परीक्षा में असफलता के बाद जगदलपुर की छात्रा हरिका राव नायडू की मौत के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के छत्तीसगढ़ प्रमुख महेंद्र भारद्वाज ने उनके परिवार से मुलाकात की। शनिवार को वे जगदलपुर के आड़ावाल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
महेंद्र भारद्वाज ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मामले को आगे उठाया जाएगा और संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेगा। CJP ने केंद्र और राज्य सरकार से परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही नीट-यूजी जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
‘क्या बोलती पब्लिक अभियान’ शुरू करने का दावा
महेंद्र भारद्वाज ने कहा कि हरिका का मामला केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन युवाओं से जुड़ा मुद्दा है जो परीक्षा और भविष्य को लेकर दबाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि CJP अगस्त-सितंबर से ‘क्या बोलती पब्लिक अभियान’ शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत शिक्षा, रोजगार और अन्य लोकतांत्रिक मुद्दों पर युवाओं और आम लोगों की राय सामने लाने की बात कही गई है।
शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग
CJP का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार केवल प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। स्कूल स्तर पर पर्याप्त शिक्षक, किताबें, संसाधन और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
हरिका के दादा प्रकाश राव नायडू ने कहा कि बेटी को खोने का दुख किसी मुआवजे से पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
परिवार और संगठन की ओर से अब सरकार से शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की जा रही है, ताकि परीक्षा संबंधी दबाव से जूझ रहे विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक सहायता और सहयोग मिल सके।
admin




