घर पर बम फेंककर जान से मारने की धमकी, 6 आरोपी गिरफ्तार,पूछताछ में चोरी का भी खुलासा

घर पर बम फेंककर जान से मारने की धमकी, 6 आरोपी गिरफ्तार,पूछताछ में चोरी का भी खुलासा

रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके में घर पर बम जैसे पटाखे फेंककर और चाकू दिखाकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में माना थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू जब्त किया है।

मामला थाना कबीर नगर क्षेत्र के वीर सावरकर नगर का है। पुलिस के अनुसार 24 मई की रात करीब 1 बजे रिंकु तिवारी के घर कुछ युवकों ने पटाखा फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना कबीर नगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

*तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की मदद से गिरफ्तारी*

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 4 बालिग आरोपियों समेत कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू पटेल, आकाश पासवान, सूरज सिंह और शेख कलीम शामिल हैं। इसके अलावा एक अपचारी बालक और एक अपचारी बालिका को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

*पूछताछ में चोरी की वारदात का खुलासा*

कबीर नगर पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने माना थाना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित एक खिलौना दुकान में चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मामले में चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

*आरोपियों को भेजा गया जेल*

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू जब्त कर लिया है। सभी बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। वहीं नाबालिग आरोपियों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर कमिश्नरेट पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कबीर नगर पुलिस की कार्रवाई से न सिर्फ धमकी देने वाले आरोपी पकड़े गए, बल्कि दूसरे थाना क्षेत्र की चोरी की वारदात का भी खुलासा हो गया।