रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती : बीती रात 57 चालकों को दबोचा गया,इस साल अब तक 3309 पर कार्रवाई

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती : बीती रात 57 चालकों को दबोचा गया,इस साल अब तक 3309 पर कार्रवाई

रायपुर। राजधानी में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शनिवार रात शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में 57 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े गए। इनमें कार चालक सबसे ज्यादा रहे।

यातायात पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक कुल 3309 वाहन चालकों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

शहर के 9 प्रमुख चौकों पर हुई जांच

24 मई की रात एसीपी यातायात सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भाठागांव, टाटीबंध, कालीबाड़ी, जय स्तंभ, भनपुरी और पंडरी थाना क्षेत्र सहित 9 प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिस की टीमों ने जांच की।

अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए कुल 57 चालक पकड़े गए। इनमें 40 कार चालक, 5 बाइक चालक, 3 ऑटो चालक और 9 मालवाहक वाहन चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सड़क सुरक्षा के लिए लगातार चलेगा अभियान

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह खुद और दूसरों की जान को खतरे में डालता है।

लोगों से की गई अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, तय गति सीमा में वाहन चलाएं और नाबालिगों को वाहन न सौंपें।

पुलिस का कहना है कि शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।