एक कॉल पर राजधानी का ट्रैफिक होगा क्लियर
बृजमोहन की फटकार के बाद दस नई क्विक रिस्पांस टीम बनीं
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 10 नई क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई है।
ये टीमें आधुनिक वाहनों और आवश्यक उपकरणों से लैस होंगी। जाम या सडक़ पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य करेंगी। हाल ही में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी जताई थी। जिसके बाद यह पहल की गई है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस लाइन परिसर में क्यूआरटी के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख जाम वाले स्थानों की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि, शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम या सडक़ दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्यूआरटी बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचेगी। टीम का उद्देश्य कम से कम समय में यातायात को सामान्य करना है, ताकि लोगों को लंबे समय तक जाम में न फंसना पड़े।
हेल्पलाइन नंबर
यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए 9479210632 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। यदि किसी स्थान पर ट्रैफिक जाम, सडक़ पर वाहन खराब होने या अन्य किसी कारण से यातायात प्रभावित हो रहा हो, तो लोग इस नंबर पर सूचना दे सकते हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नई क्यूआरटी को आधुनिक संचार व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन के उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। ये टीमें सडक़ दुर्घटनाओं, वीआईपी मूवमेंट और अचानक उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के दौरान भी त्वरित कार्रवाई करेंगी।

admin 




