शाम छह बजे से कई रास्तों पर एंट्री बंद
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी में आज रात गणेश विसर्जन झांकी निकलेगी। झांकियां शारदा चौक से महादेवघाट तक जाएंगी। झांकी मार्ग पर शाम छह बजे से सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। विसर्जन झांकियों को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी नियम तय किए गए हैं।
इस बार गणेश उत्सव के समापन पर निकलने वाली विसर्जन झांकियों को सम्मानित किया जाएगा। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से झांकियों और समितियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता रखी गई है। बेहतर प्रस्तुति देने वाली समितियों को पहला, दूसरा और तीसरा पुरस्कार दिया जाएगा। झांकियों की प्रस्तुति, धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन समेत तय मापदंडों के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
झांकी आज शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी मार्ग पर शाम छह बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।