खेत में पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

खेत में पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के धाराशिव गांव में एक युवक और युवती के शव खेत के पास एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में युवक का शव पुराना होने के कारण उसमें सड़न की स्थिति पाई गई, जबकि युवती की मौत हाल ही में होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की संभावना को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि युवक की आत्महत्या की जानकारी मिलने के बाद युवती ने भी उसी पेड़ पर फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों और दोनों के संबंधों की वास्तविक स्थिति जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।